लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
थांवला की होनहार खिलाड़ी ने मांडल जोधा के राजकीय विद्यालय में बच्चों को किया जागरूक, 70वीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हुआ सम्मान
भेरूंदा (नागौर)। आत्मरक्षा के हुनर और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थांवला गांव की होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी भार्गवी सिंह ने मांडल जोधा के राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के तरीके बताए और आत्मविश्वास, अनुशासन व साहस के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भार्गवी सिंह ने विद्यार्थियों को ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट खेलों के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इनसे शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने बच्चों से अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन पर सम्मान
70वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर भार्गवी सिंह को सम्मानित किया गया। राजकीय विद्यालय मांडल जोधा के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह, गोठड़ा गांव के राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत सिंह और विद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि की सराहना की।
विद्यालय परिवार ने भार्गवी सिंह को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी इस पहल से विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक होने और खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिली।






















































