लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कृष्णा केशव कॉन्वेंट स्कूल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को बताए स्वस्थ खान-पान और स्वच्छता के फायदे
पीसांगन, अजमेर। राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत मांगलियावास स्थित कृष्णा केशव कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान, पौष्टिक आहार और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग राजस्थान अविचल चतुर्वेदी एवं सीएमएचओ अजमेर ज्योत्सना रंगा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय मोयल ने विद्यार्थियों को फास्ट फूड और जंक फूड के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी दिनचर्या में पौष्टिक एवं संतुलित आहार को शामिल करना चाहिए। स्वस्थ शरीर से विद्यार्थी बेहतर तरीके से पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में भाग ले सकते हैं।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षक मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वस्थ खान-पान अपनाने, स्वच्छता का पालन करने और अपने भोजन के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।





















































