लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गांव पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत
अंडर-17 बालक और अंडर-19 बालिका वर्ग में टीम बनी चैंपियन, अंडर-14 में हासिल किया तीसरा स्थान
पीसांगन, अजमेर। ओमप्रकाश चौधरी।
70वीं जिला स्तरीय हैंडबॉल खेलकूद प्रतियोगिता में पीसांगन उपखंड के रामपुरा डाबला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव का नाम रोशन किया। विद्यालय की टीम ने अंडर-17 बालक और अंडर-19 बालिका वर्ग में खिताब अपने नाम किया, जबकि अंडर-14 वर्ग में टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रविंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में रामपुरा डाबला की टीम का सामना कालेसरा की टीम से हुआ। रोमांचक मुकाबले में रामपुरा डाबला के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कालेसरा को 27-21 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
इसी तरह अंडर-19 बालिका वर्ग में भी रामपुरा डाबला की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने रामपाली को 17-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं अंडर-14 वर्ग में रामपुरा डाबला की टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ खिलाड़ियों का अभिनंदन
प्रतियोगिता में जीत के बाद खिलाड़ियों के रामपुरा डाबला पहुंचने पर ग्रामीणों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। प्रशासक सीमा चौधरी, पंचायत सहायक अबरार अहमद, डाकपाल अमरुद्दीन लोहार, टीम प्रभारी मोहनलाल गुर्जर, शिक्षक हुकमाराम जाट सहित शिक्षकों, ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
इस दौरान गांव में डीजे के साथ खिलाड़ियों का जुलूस भी निकाला गया। ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लगातार बेहतर प्रदर्शन और तीन वर्गों में सफलता मिलने से विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में खासा उत्साह है। खिलाड़ियों की उपलब्धि को गांव के लिए गौरव का क्षण बताया गया।


















































