लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने संगठन को दिया जीत का मंत्र
प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और मोर्चा प्रभारियों की बैठक में बनी चुनावी रणनीति; निकाय चुनाव की सफलता को पंचायतों तक ले जाने का आह्वान
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया ) राजस्थान में निकाय चुनाव के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, मोर्चा और संभाग प्रभारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद राजस्थान में पहली बार संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए संजय भाटिया ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार के कामकाज का परिणाम पार्टी को मिला है। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन और आभार जताया।
निकाय चुनाव की रणनीति पंचायतों में भी लागू करने पर जोर
संजय भाटिया ने कहा कि निकाय चुनाव में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के साथ जिस तरह काम किया गया, उसी अनुभव के आधार पर पंचायत चुनाव की रणनीति तैयार कर मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव स्थानीय स्तर पर संगठन की ताकत को परखने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। इसके लिए बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
‘कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य से मजबूत हुआ संगठन’
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज अपने कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य और सरकारों के लोककल्याणकारी कार्यों के कारण मजबूत राजनीतिक संगठन के रूप में खड़ी है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब और किसान को ध्यान में रखकर कई योजनाएं लागू की गई हैं। इनमें उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं शामिल हैं। 
भाटिया ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ गांवों और घरों तक पहुंचा है और पंचायत चुनाव में संगठन को सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी आमजन तक पहुंचानी होगी।
प्रदेश नेतृत्व ने भी तय की पंचायत चुनाव की रणनीति
बैठक में निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, सह प्रभारी कविता पाटीदार, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक में संगठन के स्तर पर पंचायत चुनाव की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की गई।
मंच पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी और वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा ने किया।
निकाय के बाद अब पंचायत पर बीजेपी का फोकस
निकाय चुनाव में मिली सफलता के बाद बीजेपी ने अब अपना फोकस पंचायत चुनावों पर केंद्रित कर दिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश संगठन तक लगातार बैठकों और कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाया जा रहा है।
ऐसे में आने वाले दिनों में पंचायत चुनाव को लेकर बीजेपी की संगठनात्मक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। पार्टी की कोशिश निकाय चुनाव की सफलता, सरकार की योजनाओं और संगठन के बूथ स्तर तक के नेटवर्क को पंचायत चुनाव में इस्तेमाल करने की है।


















































