जयपुर वार्ड 15 में घमासान,पंकज गोयल भाजपा से निष्कासित 

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पंकज गोयल पर अवसरवादी राजनीति का आरोप

जयपुर। नगर निकाय चुनाव के बीच विद्याधर नगर के वार्ड 15 में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे पंकज गोयल को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी।

पंकज गोयल के चुनाव मैदान में उतरने के बाद वार्ड 15 की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों की ओर से उन पर अवसरवादी राजनीति करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

विकास कार्यों की तारीफ से विरोध तक का मुद्दा

भाजपा नेताओं का कहना है कि पंकज गोयल पूर्व में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की तारीफ करते रहे हैं। खास तौर पर विद्याधर नगर और सीकर रोड क्षेत्र में हुए ड्रेनेज कार्य को लेकर उनके सकारात्मक रुख का हवाला दिया जा रहा है। बताया गया कि उन्होंने कई बार उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से मुलाकात कर विकास कार्यों के लिए आभार भी जताया था।

हालांकि, अब निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने के बाद उनके रुख को लेकर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए हैं। हालिया बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने को लेकर पंकज गोयल की ओर से सरकार और विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए बनाया गया वीडियो भी चर्चा में है।

भाजपा नेता तरुण खटोड़ ने साधा निशाना

भाजपा नेता तरुण खटोड़ ने पंकज गोयल को अवसरवादी बताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंकज गोयल पिछले ढाई साल से विकास कार्यों का गुणगान करते रहे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उनके सुर बदल गए।

तरुण खटोड़ ने वार्ड 15 के मतदाताओं से संगठन के साथ खड़े रहने और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पार्टी प्रत्याशी को समर्थन देना जरूरी है।

स्थानीय निवासी ने भी लगाए आरोप

वहीं, स्थानीय निवासी उपेंद्र सिंह शेखावत ने भी पंकज गोयल पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को क्षेत्र की जनता और विकास की चिंता नहीं, बल्कि अपने हितों की चिंता रहती है।

शेखावत ने वार्ड 15 के मतदाताओं से सोच-समझकर मतदान करने और विकास के मुद्दे को प्राथमिकता देने की अपील की।

वार्ड 15 में मुकाबला हुआ दिलचस्प

पंकज गोयल के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने और भाजपा से निष्कासन के बाद वार्ड 15 का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। भाजपा की ओर से जहां संगठन और अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी भी मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं।

अब देखना होगा कि वार्ड 15 के मतदाता पार्टी के साथ जाते हैं या निर्दलीय प्रत्याशी पर भरोसा जताते हैं। इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद होगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here