लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ने का संदेश
पादूकलां, नागौर। प्लास्टिक मुक्त राजस्थान अभियान-2026 के तहत पादूखुर्द ग्राम पंचायत में ग्रामीणों को प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। निदेशालय स्वच्छ भारत मिशन, पंचायतीराज विभाग जयपुर के निर्देशानुसार रियांबड़ी ब्लॉक में चल रहा यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
अभियान के दौरान ग्रामीणों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। बाजार से सामान लाते समय प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े और हाथ से बने थैलों का उपयोग करने का संदेश दिया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों के साथ ग्रामीणों को प्लास्टिक के विकल्प अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
प्लास्टिक कचरे से मिट्टी और जल स्रोतों पर असर
ग्राम विकास अधिकारी हंसराज मीणा ने कहा कि प्लास्टिक कचरा लंबे समय तक नष्ट नहीं होता। इसके कारण मिट्टी, जल स्रोत और वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने ग्रामीणों से घरों और आसपास प्लास्टिक कचरा नहीं फैलाने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त राजस्थान का लक्ष्य प्रशासन के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है। ग्रामीण दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करके पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
सामूहिक प्रयासों का आह्वान
अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया। इस दौरान मेट रामनिवास, पुखराज, मस्तान सिंह, रामदेव, चेना राम और रामकिशोर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















































