लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़) । राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार में उपखंड स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) गंगधार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर एसडीएम ने देश की आन-बान-शान तिरंगे को नमन करते हुए राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि आजादी अनगिनत बलिदानों का परिणाम है और हमें इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह नृत्य, भाषण एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह भर दिया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य बच्चों और युवाओं के हाथों में है। शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की भावना को अपनाकर ही विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 43 लोगों का सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में डग ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. राजकुमार वाघेला भी शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे समारोह में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।




















































