लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, जिला कलेक्टर और विधायक कालूराम मेघवाल हुए शामिल
भवानीमंडी, झालावाड़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को भवानीमंडी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा में जिला कलेक्टर और विधायक कालूराम मेघवाल ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। हर हाथ में लहराता तिरंगा और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
तिरंगा एकता और गौरव का प्रतीक
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव, स्वाभिमान और वीरता का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रत्येक भारतीय का गौरव और कर्तव्य है।
यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष भवानीमंडी शहर प्रदीप जैन सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश
यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने नागरिकों से 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करने का आह्वान किया।
















































