लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने दिखाई हरी झंडी, समरसता और सामाजिक एकता का दिया संदेश
जयपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पवित्र रज कलश वंदन समारोह की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जयपुर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देती इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा को उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, अभियान संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने ध्वज दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, नारायण मीणा, सीताराम पोसवाल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ तथा विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
शोभायात्रा विधानसभा के समीप स्थित मंडलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर एसएमएस स्टेडियम स्थित खेलेश्वर महादेव मंदिर तक निकाली गई। यात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुन, सुसज्जित बग्गियां तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई।
समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सद्भाव, मानवता और सामाजिक न्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक समावेश और राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ संपन्न हुई यह शोभायात्रा पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बनी रही।


















































