लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर।(रितु मेहरा) संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई संत रविदास समरसता संकल्प अभियान की पावन कलश यात्रा गुरुवार को जयपुर पहुंची। राजधानी के राजापार्क स्थित श्री राम मंदिर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वाराणसी से लाई गई कलश यात्रा का स्वागत किया और कलश को सिर पर धारण कर यात्रा में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनकी वाणी सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि काशी (वाराणसी) से शुरू हुई यह कलश यात्रा देशभर में समरसता और सामाजिक एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा के दौरान पावन कलश राजस्थान के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा, जहां विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के आदर्शों, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने संत रविदास जी के राजस्थान से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भक्त मीराबाई ने उन्हें अपना गुरु माना था। चित्तौड़गढ़ स्थित मीराबाई मंदिर के सामने आज भी संत रविदास जी के चरणचिह्न श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संत रविदास जी के समरसता और समानता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी तथा कैलाश मेघवाल वाराणसी से पावन कलश लेकर जयपुर पहुंचे। जयपुर में कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मिथलेश गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















































