लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण समृद्धि और रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम है, जिससे किसानों, पशुपालकों, युवाओं और ग्रामीण परिवारों को नए अवसर मिलते हैं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विजन को धरातल पर उतारते हुए सहकारी संस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सहकारिता विभाग द्वारा निर्मित गोदामों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सहकारिता के दायरे को नई गतिविधियों तक विस्तारित कर नवाचारों को बढ़ावा दिया जाए।
उन्होंने सहकारी मॉडल आधारित “भारत टैक्सी” पहल को प्रदेश में प्रोत्साहित करने तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी भाग लेंगे। इस राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान के सहकारिता मॉडल की उपलब्धियों, नवाचारों और सुधारों को प्रस्तुत किया जाएगा। 
राज्य सरकार के अनुसार, राजस्थान ने सहकारिता क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत राज्य में 200 गोदाम स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 120 पूर्ण हो चुके हैं। इसके साथ ही ई-पैक्स के कम्प्यूटरीकरण, सहकारी संस्थाओं के डिजिटलीकरण और बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों के गठन में भी राजस्थान अग्रणी राज्यों में शामिल है।
राज्य में सहकार सदस्यता अभियान के तहत अब तक 8.90 लाख नए सदस्य जोड़े गए हैं। साथ ही फसली ऋणों की वसूली, समर्थन मूल्य खरीद में तेज भुगतान प्रणाली और विभिन्न सहकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी सरकार ने प्रमुख उपलब्धियों के रूप में बताया है।
बैठक में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित मुख्यमंत्री कार्यालय एवं सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


















































