विश्व योग दिवस पर अशोक उद्यान में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जोधपुर में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन अशोक उद्यान में उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और हजारों की संख्या में आमजन ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, पाली सांसद पीपी चौधरी, पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई, जिला कलेक्टर आलोक रंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने ध्यान योग, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम के साथ ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, पद्मासन और वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा और सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए। नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज देश के हर वर्ग में योग के प्रति उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि भारत ने विश्व मंच पर योग की अलख जगाई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि योग केवल एक दिवस तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाए, जिससे स्वस्थ और निरोगी समाज का निर्माण हो सके।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here