लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (निर्मल गुप्ता)। ग्राम पंचायत शोप क्षेत्र की गोचर एवं चारागाह भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों और गौ सेवा समिति के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) पूजा मीणा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई, जिस पर एसडीएम ने दो दिन में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम शोप की गोचर एवं चारागाह भूमि के कई हिस्सों पर अवैध कब्जे किए हुए हैं। इस संबंध में पूर्व में भी तीन से चार बार प्रशासन को ज्ञापन देकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा पहले भूमि का चिन्हीकरण कर फसल कटाई के बाद अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस वर्ष फसल कटने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ज्ञापन में बताया गया कि यदि बारिश से पहले चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया जाए तो क्षेत्र के गौवंश को चारा-पानी और बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे सड़कों पर पशुओं के बैठने की समस्या कम होगी और यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गोचर एवं चारागाह भूमि को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग करते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलक्टर एवं देवली-उनियारा विधायक को भी भेजी है।
इस दौरान अखिल भारतीय हिंदू महासभा टोंक जिला उपाध्यक्ष शिवप्रसाद शर्मा, गौ सेवा समिति के कोषाध्यक्ष मयंक नामा, सचिव महावीर धाकड़, वार्ड सदस्य बंटी चौपदार, पवन धाकड़, अनवर हुसैन सहित बड़ी संख्या में गौभक्त एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।













































