लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
काली फिल्म, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर पर चला सख्त अभियान
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान ने पूरे प्रदेश में तेजी पकड़ ली है। अभियान के तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों, अवैध मॉडिफिकेशन कराने वालों तथा काली फिल्म, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर-बत्तियों का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दसवें दिन प्रदेशभर में चलाए गए विशेष नाकेबंदी एवं प्रवर्तन अभियान के दौरान कुल 9,703 वाहनों के खिलाफ चालान, जब्ती और अन्य विधिक कार्रवाई की गई। 
काली फिल्म और फर्जी नंबर प्लेट पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सबसे अधिक 3,638 वाहनों पर नियम विरुद्ध काली फिल्म लगाने के मामले सामने आए। वहीं 2,450 वाहनों पर फर्जी या नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 1,373 वाहनों पर अनधिकृत शब्द, चिन्ह या लेखन अंकित होने के मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की गई।
अवैध मॉडिफिकेशन और हूटर-बत्ती पर सख्ती
अभियान के दौरान 945 वाहनों को अवैध रूप से संरचना (बॉडी/चेसिस) में बदलाव करने पर चिन्हित किया गया। वहीं 800 वाहनों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही 497 वाहनों में प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के उपयोग पर भी चालान एवं विधिक कार्रवाई की गई।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी पर कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में वाहन चालक अब भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना करते हुए काली फिल्म का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
डॉ. बी. एल. मीणा ने कहा कि वाहन पर जाति, पद, संगठन या किसी भी प्रकार के अनाधिकृत चिन्ह लगाना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्थान पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















































