लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर/नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। बुधवार को जयपुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल मीडिया से रूबरू हुए और कई मुद्दों पर राज्य सरकार पर तीखे आरोप लगाए।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं “वेंटिलेटर पर” हैं। कोटा और बीकानेर में प्रसूताओं की किडनी फेल होने के मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है और मंत्री को विभाग की स्थिति की जानकारी नहीं है।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि राज्य सरकार के कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने एसआई भर्ती पेपर लीक प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि एसओजी की पूछताछ में मंत्री केके बिश्नोई का नाम सामने आया है। साथ ही जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने और रिश्तेदारों के नाम पर करोड़ों के टेंडर लेने के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल पर अपने पुत्र को महाधिवक्ता बनाए जाने के आरोप हैं, जबकि गृह राज्य मंत्री के दामाद पर सीबीआई से जुड़े मामलों में आरोप लगने की बात कही जा रही है।
सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करें कि “प्रमोद शर्मा” उनके रिश्तेदार हैं या नहीं, क्योंकि उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद वह पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी हर मुद्दे पर सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रही है। आगामी दिनों में भरतपुर, धौलपुर और डीग जिलों के जाट समाज को केंद्र में ओबीसी आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मानेसर प्रकरण के दौरान भारी भ्रष्टाचार हुआ था। उन्होंने कहा कि आरएलपी के तीनों विधायक उस समय भाजपा के साथ थे।
पायलट को लेकर उन्होंने कहा कि वे बिना आंदोलन किए सत्ता तक पहुंचना चाहते हैं, लेकिन जनता के लिए संघर्ष किए बिना कोई भी नेता स्वीकार्य नहीं होता।



















































