लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, राजस्थान की ओर से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 12 जून को जयपुर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम में होगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि कार्यशाला में प्राकृतिक खेती, गौ-आधारित कृषि और खेती की लागत कम करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। किसानों को जैविक खेती, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रासायनिक उर्वरकों पर बढ़ती निर्भरता से खेती की लागत और भूमि की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है, ऐसे में प्राकृतिक खेती एक बेहतर विकल्प है। कार्यशाला में किसानों को जीवामृत, घनजीवामृत और गौ-आधारित खेती मॉडल की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के शामिल होकर संबोधन देने की संभावना है।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।













































