निगम कॉलोनी में गंदगी का अंबार, रहवासियों ने जताया रोष

0
30
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

चौमहला (झालावाड़), सुनील निगम। स्वच्छ भारत अभियान के दावों के बीच झालावाड़ जिले की पंचायत समिति डग अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलवी उर्फ राजेंद्रपुर मंडी चौमहला की निगम कॉलोनी में सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौमहला के सामने स्थित कॉलोनी में महीनों से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में लंबे समय से सफाई कर्मचारी नहीं भेजे जा रहे हैं। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर कूड़े-करकट के ढेर लगे हुए हैं और नालियां कचरे एवं झाड़ियों से पूरी तरह अटी पड़ी हैं। दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

रहवासियों के अनुसार, मुख्य सड़क किनारे और नालियों पर उगी कांटेदार झाड़ियों के कारण नालियां तक दिखाई नहीं देतीं। जहां नालियां खुली हैं, वहां से बदबू उठ रही है। मजबूरी में लोग अपने घरों के सामने स्वयं सफाई करते नजर आते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गंदगी के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर सबसे अधिक खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंच प्रतिनिधि को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

क्षेत्रवासियों ने ग्राम पंचायत से शीघ्र सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालियों की सफाई कराने तथा नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि लोगों को गंदगी और उससे होने वाली बीमारियों से राहत मिल सके।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here