लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द
मोही (राजसमन्द)। राजसमन्द जिले के मोही कस्बे में राजपूत समाज के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। 101 कलशों से सुसज्जित शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भाग लिया।
बैंड-बाजों, धार्मिक धुनों और भगवान के भक्ति भजनों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे कस्बे को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। कथा के मुख्य यजमान राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि कलश यात्रा का शुभारंभ नरसिंहद्वारा आश्रम से हुआ।
शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यह यात्रा पुराना बस स्टैंड, रावला चौक, स्कूल मार्ग और अंजुमन क्षेत्र से गुजरते हुए राजपूत समाज के सामुदायिक भवन पहुंची, जहां सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
यात्रा के दौरान विभिन्न प्रमुख चौराहों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया। महिला-पुरुष, युवक-युवतियां भक्ति संगीत पर नृत्य करते हुए यात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह भाटी, यादवेंद्र सिंह भाटी, नारायण सिंह भाटी, भगवान सिंह चुंडावत सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि आगामी सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।


















































