लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बेंगलुरु/नई दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान के साथ दिल्ली में हुई बैठकों में सत्ता हस्तांतरण का फॉर्मूला तय किया गया था, जिस पर अब बेंगलुरु में मुहर लग गई है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सिद्धारमैया ने हाईकमान के फैसले का सम्मान करते हुए पद छोड़ने का निर्णय लिया।
️ डीके शिवकुमार संभालेंगे कमान
जानकारी के मुताबिक सिद्धारमैया जल्द ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में डीके शिवकुमार को औपचारिक रूप से नया नेता चुना जाएगा।
डीके शिवकुमार के समर्थकों में इस फैसले के बाद उत्साह का माहौल है और बेंगलुरु में उनके आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।
कैबिनेट में बड़े बदलाव के संकेत
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री बदलने के साथ ही मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल किया जाएगा। नई सरकार में लगभग 15 से 20 नए चेहरों को मौका मिल सकता है, जबकि कई पुराने मंत्रियों की छुट्टी होने की संभावना है।
⚖️ कांग्रेस के सामने सामाजिक संतुलन की चुनौती
सिद्धारमैया को कर्नाटक में पिछड़ा वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के मजबूत नेता के रूप में देखा जाता है। ऐसे में डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद कांग्रेस के सामने सामाजिक और राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी।
विपक्षी दल भाजपा और जेडीएस भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।














































