CBSE 12वीं का रिजल्ट जारी: राष्ट्रीय सफलता दर घटी, अजमेर रीजन 11वें स्थान पर

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

छात्राओं ने फिर मारी बाजी, लड़कों से 6.73% बेहतर रहा प्रदर्शन

नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता (अजमेर/जोधपुर)

अजमेर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार परिणाम में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में सफलता दर 88.39 प्रतिशत रही थी, जबकि इस बार इसमें 3.19 प्रतिशत की कमी आई है।

अजमेर रीजन 11वें स्थान पर

रीजनवार प्रदर्शन में अजमेर रीजन ने 86.78 प्रतिशत परिणाम के साथ राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन देशभर के 22 रीजन में इसे 11वां स्थान मिला। इस बार भी त्रिवेंद्रम रीजन देशभर में सर्वोच्च सफलता प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा।

छात्राओं का दबदबा कायम

CBSE 12वीं परिणाम में छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर 88.86 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं, जबकि छात्रों का परिणाम 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस प्रकार छात्राओं का प्रदर्शन लड़कों से 6.73 प्रतिशत बेहतर रहा।

बोर्ड ने जारी नहीं की मेरिट सूची

सीबीएसई ने अपनी पूर्व नीति के अनुरूप इस वर्ष भी कोई मेरिट सूची या टॉपर सूची जारी नहीं की है। बोर्ड का कहना है कि ऐसा विद्यार्थियों में अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और मानसिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से किया गया है।

पूरक परीक्षा 15 जुलाई से

बोर्ड के अनुसार छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक पोर्टल और DigiLocker के माध्यम से देख सकते हैं। डिजिटल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी जारी कर दिए गए हैं।
अंकों से असंतुष्ट विद्यार्थियों के लिए री-इवैल्युएशन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, जबकि एक विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए पूरक परीक्षा 15 जुलाई 2026 से आयोजित होगी।

एक नजर में प्रमुख आंकड़े

  • कुल पंजीकृत विद्यार्थी: 17 लाख से अधिक
  • कुल उत्तीर्ण विद्यार्थी: 15,07,109
  • जांची गई उत्तर पुस्तिकाएं: 98,66,222
  • मूल्यांकन प्रणाली: 100% ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम (OSM)
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here