गौरैया पालन की आड़ में गुंडागर्दी का आरोप 

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 सत्यम नगर के लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग

श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) श्रीगंगानगर के 2 ई छोटी स्थित सत्यम नगर क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त व्यक्ति पर गौरैया (चिड़ियों) के पालन की आड़ में कॉलोनीवासियों को परेशान करने के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिवान चन्द और उसका परिवार बड़ी संख्या में गौरैया पाल रहा है, लेकिन इसके नाम पर मोहल्ले में दबाव और भय का माहौल बनाया जा रहा है।

शादी और धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा के आरोप

कॉलोनीवासियों के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाले लोग अपने घरों में शादी, धार्मिक आयोजन या निर्माण कार्य तक स्वतंत्र रूप से नहीं कर पा रहे हैं। आरोप है कि विरोध करने पर मानसिक दबाव बनाया जाता है और लोगों को परेशान किया जाता है। सत्यम नगर के करीब 220 परिवार इस स्थिति से प्रभावित बताए जा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने कहा कि लंबे समय से मोहल्ले में तनाव और भय का वातावरण बना हुआ है, जिससे आमजन का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

कॉलोनीवासियों ने की बैठक

मामले को लेकर कॉलोनीवासियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में लोगों ने दिवान चन्द और उसके परिवार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

लोगों ने आरोप लगाया कि पक्षी पालन के नाम पर अवैध गतिविधियों और दबाव की स्थिति बनाई जा रही है। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

बैठक में गोपाल सिंह टक्कर, रिंकु, पवन वधवा, अश्वनी, सोनू, ओमप्रकाश सहित सत्यम नगर के अनेक निवासी उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here