लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़। झालावाड़ जिले के गंगधार थाना क्षेत्र के डोकरखेड़ी गांव में खेत में गोबर की रोड़ी डालने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, खेत में रोड़ी डालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद स्थिति बिगड़ते हुए पथराव तक पहुंच गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
गंगधार थाना एएसआई मगनलाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल चौमहला के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















































