लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गहलोत उतरे सचिन पायलट के समर्थन में , बोले पूरी पार्टी पायलट के साथ
टोंक- जयपुर। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल ने टोंक में जनसभा को संबोधित करते हुए फिर कांग्रेस नेता सचिन पायलट का नाम नहीं लेते हुए कहा कि टोंक का स्थानीय विधायक तो बहरुपिया है , जिसका एक पैर कांग्रेस में और दूसरा न जाने कहां है। उसका न तो राजस्थान से कोई लेना – देना लेकिन टोंक की जनता ने उसे चार बार जिता दिया। इस बार बीजेपी टोंक की चारों सीट जीतेगी। अग्रवाल के इस बयान से सूबे की सियासत में आने वाले समय में भूचाल आ सकता है। हालांकि एक बार पूर्व में राधा मोहन अग्रवाल ने सचिन पायलट के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की थी जिसको लेकर उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी। लेकिन आज सार्वजनिक मंच से उन्होंने एक बार फिर से सचिन पायलट का नाम लिए बगैर उन पर जिस तरह का तंज कसा है, इससे प्रदेश की ठंडी पड़ी राजनीति में उबाल आना तय है।
वहीं जब इस बयान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मीडिया ने सवाल किया तो गहलोत बोले सचिन पायलट जी की दोनों टांगे कांग्रेस में ही है और वे कांग्रेस में ही रहेगी। अब उनको (बीजेपी वालों को) भटके आएंगे पहले पायलट को गुमराह करके मानेसर ले गए थे इसलिए पायलट जी को समझ आ गई। वे अब संभल भी गए और समझ भी गए। इसलिए वे कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। हमारी पूरी कांग्रेस पार्टी सचिन पायलट के साथ है।














































