लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर/पचाला गांव। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पचाला गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचाला निवासी धारा सिंह मीणा का परिवार लाखेरी के पास डडवाडा गांव में आयोजित विवाह समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहन अनियंत्रित होकर मिट्टी के ढेर से टकरा गया।
हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा चालू है, जबकि दूसरी दिशा का मार्ग अभी अधूरा है। रात के अंधेरे में रास्ता बंद करने के लिए लगाए गए मिट्टी के ढेर और बैरिकेडिंग स्पष्ट नजर नहीं आने के कारण वाहन सीधे उसमें जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
मृतक और घायल
इस हादसे में धारा सिंह के पिता रामफूल मीणा (60 वर्ष) और उनके पुत्र आकाश मीणा (16 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, धारा सिंह की पत्नी कमलेश मीणा और एक अन्य बुजुर्ग परिजन रामफूल (70 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।
गांव में पसरा मातम
दादा और पोते की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में गम में बदल गईं। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जताई है।




















































