लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) नागौर पुलिस ने 34 लाख रुपये की साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, विवेक कुमार, सलमान और योगेन्द्र के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को दिल्ली से दस्तयाब किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को फर्जी पुलिस अधिकारी बताकर प्रार्थी को “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाया और धमकाकर एक ही बार में 34 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद रकम को हड़प लिया गया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगी गई राशि में से 5,54,919 रुपये होल्ड भी करवा लिए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
आमजन से अपील
नागौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या डर में आकर अपने बैंक खाते, मोबाइल सिम या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर अपराधी इन जानकारियों का दुरुपयोग कर आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि म्यूल अकाउंट (दूसरों के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराना) साइबर अपराध में सहभागिता माना जाता है और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।
किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने की अपील की गई है।














































