लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीण और शहरी इलाकों में भय का माहौल
मनजीत सिंह ,ब्यूरो चीफ
श्रीगंगानगर। भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीकरणपुर क्षेत्र में आवारा श्वानों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गांव 39H बुर्जवाला में मंगलवार को एक 7 वर्षीय बच्ची कोमल पर अचानक श्वान ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। श्वान ने बच्ची के शरीर को कई जगह काटा और उसे लहूलुहान कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए गंगानगर रेफर किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि श्वानों ने पहले भी कई घरेलू पशुओं को मार डाला है। बीती रात भी गरीब परिवार की दो बकरियों को श्वानों ने अपना शिकार बनाया।
शहरी क्षेत्रों में भी आवारा श्वानों से खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई घटनाओं में पशुओं, बच्चों और बुजुर्गों को काटे जाने की जानकारी मिली है।
ग्रामीणों ने एसडीएम अदिति यादव को घटना की जानकारी फोन पर दी और प्रशासन से आवारा श्वानों को पकड़ने, पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।





















































