लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में विकासोन्मुख कार्य योजना वर्ष 2025-26 की अनुप्रवर्तन एवं समीक्षा समिति की तृतीय त्रैमासिक बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने की।
बैठक में सहायक जिला कलक्टर स्वाति गुप्ता, दी गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय गर्ग सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बैंक की हिस्सा पूंजी, रिजर्व एवं कोष, अमानत, ऋण वितरण, ऋण वसूली, निवेश, नकद एवं बैंक बैलेंस तथा लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध दिसंबर 2025 तक की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने लक्ष्य प्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि हिस्सा पूंजी के लिए वर्ष 2025-26 के कुल 4425 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध दिसंबर 2025 तक 4198.55 लाख रुपये की पूर्ति हुई, जो 94.88 प्रतिशत है। रिजर्व एवं कोष में 99.21 प्रतिशत तथा अमानतों में 96.43 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति दर्ज की गई।
ऋण वितरण के क्षेत्र में 1,30,000 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध दिसंबर 2025 तक 1,00,110 लाख रुपये की उपलब्धि रही, जो 79.81 प्रतिशत है। साथ ही बैंक की 11 शाखाओं में कुल 1335 लॉकर उपलब्ध हैं, जिनमें से 947 आवंटित किए जा चुके हैं।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र कृषकों, स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किया जाए तथा लंबित ऋणों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें।


















































