लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मंत्री जोराराम करेंगे उद्घाटन
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के कुरज कस्बे में राजस्थान सरकार के पशुपालन विभाग की ओर से पांच दिवसीय जिला स्तरीय पशु मेला 1 फरवरी से आयोजित किया जाएगा। मेले का विधिवत उद्घाटन उसी दिन कैबिनेट मंत्री जोराराम मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी करेंगी। उद्घाटन समारोह में कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मेले के दौरान विभिन्न पशु नस्लों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन दिवस 1 फरवरी को देसी नस्ल गोवंश (नर-मादा) प्रतियोगिता होगी। सोमवार को भैंस वंश, मंगलवार को ऊंट, बकरी और भेड़, और बुधवार को अश्व वंश प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पांचवें दिन पुरस्कार वितरण के साथ मेले का भव्य समापन होगा। इसके अलावा ग्रामीणों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, पशुपालन विभाग के डॉ. सुरेश चंद्र मीणा, अतिरिक्त निदेशक डॉ. एल.एन. मीणा, रेलमगरा उपखंड अधिकारी बिंदुबाला, संयुक्त निदेशक डॉ. शक्तिसिंह सहित कई अधिकारी भाग लेंगे।
प्रशासन ने मेले की व्यवस्था के लिए लगभग 50 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है। पशुओं के लिए श्रृंगार सामग्री की दुकानें भी लगाई जाएंगी और पवेलियन में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह मेला पशुपालकों और ग्रामीणों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
















































