लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक हमीर सिंह भायल की अध्यक्षता में अधिकारियों व ग्रामीणों से लिए गए प्रस्ताव
समदड़ी, बालोतरा ।
रिपोर्टर : प्रेम सोनी
समदड़ी,बालोतरा । समदड़ी कस्बे के पंचायत समिति परिसर स्थित सभागार में राजस्थान बजट 2026-27 को लेकर ब्लॉक स्तरीय सुझाव एवं प्रस्ताव बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विधायक हमीर सिंह भायल ने की। बैठक में उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत, तहसीलदार शैतान सिंह, सीआई नरपतदान चारण, विकास अधिकारी करनाराम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, बिजली, रोजगार, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें व सुझाव पत्र विधायक के समक्ष प्रस्तुत किए। विधायक भायल ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
विधायक भायल ने कहा कि आगामी बजट सत्र को ध्यान में रखते हुए गांव-ढाणी तक की आवश्यकताओं के अनुरूप सुझाव लिए जा रहे हैं, ताकि गरीब, किसान और ग्रामीण वर्ग के हित में बजट तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार गारंटी आजीविका मिशन ग्रामीण योजना के तहत अब ग्रामीणों को 100 के स्थान पर 125 दिन का रोजगार मिलेगा।
इस दौरान विधायक भायल ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि योजना का केवल नाम बदला गया है, लेकिन कांग्रेस अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है। उन्होंने कहा कि राम नाम से कांग्रेस को क्या आपत्ति है, यह वही जानें। यह योजना गरीबों और किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन एवं नवीन के चयन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर व मिठाई बांटकर जश्न मनाया। विधायक भायल ने कहा कि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है, क्योंकि भाजपा एक परिवार है, जहां राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से कार्य किया जाता है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष पारस प्रजापत, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा, मंडल महामंत्री इंद्र सिंह बलावत देवड़ा, लुंबाराम चौधरी, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















































