लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद
अर्टिका कार पलटकर लगी आग, एक साल की मासूम की जलने से मौत
राजसमंद। जिले के आमेट थाना सर्किल क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। आमेट से रेलमगरा की ओर जा रही एक अर्टिका कार राजपुरा मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर करीब पांच पलटी खा गई। पलटते ही कार में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया।
राहगीरों ने दिखाई बहादुरी
आमेट थानाधिकारी सीआई ओम सिंह ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें रेलमगरा निवासी विकास जैन (32), उनकी पत्नी राजेश्वरी जैन, चार वर्षीय पुत्री गनिष्ठा, एक वर्षीय मासूम प्रनिधि जैन तथा कार चालक कालूराम शामिल थे।
हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने साहस दिखाते हुए पति-पत्नी, उनकी चार वर्षीय बेटी और चालक को जलती हुई कार से बाहर निकाल लिया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण एक वर्षीय मासूम प्रनिधि जैन को नहीं बचाया जा सका। मासूम की मौके पर ही जलने से दर्दनाक मौत हो गई।
कार जलकर हुई राख
हादसे में अर्टिका कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही आमेट थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आमेट नगर पालिका की दमकल को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घायलों की हालत नाजुक
हादसे में घायल सभी लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को राजसमंद के आर.के. जिला अस्पताल रेफर किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार राजेश्वरी जैन के एक पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि विकास जैन की जीभ गंभीर रूप से कट गई है। चालक कालूराम और चार वर्षीय गनिष्ठा सहित अन्य घायलों का आर.के. जिला अस्पताल राजसमंद में इलाज जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।


















































