लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख यूनुस खान का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ता कटला बाजार से सदर बाजार होते हुए बस स्टैंड पहुंचे और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरदार सर्किल पर यूनुस खान का पुतला जलाया। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही हिंसा और कथित अत्याचारों की कड़ी निंदा की गई।
इससे पूर्व भरतपुर जिला भाजपा प्रभारी नरेश बंसल ने कहा कि बांग्लादेश में उग्र भीड़ द्वारा हिंदुओं के साथ बेरहमी से मारपीट कर हत्या की जा रही है और पूरे देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां हिंदू समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर लाल टाडा ने कहा कि हाल ही में बांग्लादेश में एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले 25 वर्षीय दीपू दास को उन्मादी भीड़ द्वारा सड़कों पर घसीटकर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला गया और बाद में उसके शव को पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई। उन्होंने इस घटना को झकझोर देने वाला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
रैली में भाजपा शहर अध्यक्ष ममता साहू, बाबूलाल कसलीवाल, नमो नारायण गोत्तम, राजबाबू खीची, सुरेश कुमावत, प्रेमचंद एडवोकेट, जगदीश साहू, मदन आकड़, रविशंकर शर्मा, मानवेंद्र कुशवाहा, पहलाद प्रजापत, लोकेश सैनी, अनीता बड़ाया, पारुल गोयल, कजोड़ चौधरी, कैलाश चौधरी, मनोज कुशवाहा, महेश खंडेलवाल, प्रभु कुशवाहा, अजय महावर सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










































