लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रतापगढ़ (राजस्थान)। प्रतापगढ़ जिले में इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना हथुनिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागलिया जंगल में चल रही एमडी (मादक पदार्थ) बनाने की अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है।
पुलिस ने जंगल के सुनसान इलाके में झोपड़ी बनाकर संचालित की जा रही एमडी निर्माण की फैक्ट्री पर छापा मारते हुए मौके से एमडी बनाने में प्रयुक्त उपकरणों का पूरा सेटअप जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28.54 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद की।
मौके से एक आरोपी करीम अजमेरी को गिरफ्तार किया गया है, जो फैक्ट्री की निगरानी कर रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस पूछताछ में दूसरे आरोपी हारून अजमेरी का नाम सामने आया है, जिस पर एमडी बनाने की फैक्ट्री स्थापित करने का आरोप है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अंजाम दी गई। थाना हथुनिया पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रतापगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।











































