लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बजट घोषणाओं के कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश, शहर विकास योजनाओं की समीक्षा
अजमेर (नितिन मेहरा)। अजमेर प्रवास पर रहे वासुदेव देवनानी ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं एवं शहर से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि बजट में घोषित कार्यों की प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ की जाए ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
आनासागर झील में एक मीटर तक होगी खुदाई
बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष ने संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ आनासागर झील का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत झील से लगभग एक मीटर तक मिट्टी निकाली जाएगी, जिस पर करीब 78 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
देवनानी ने निर्देश दिए कि झील में चारों ओर से समुचित खुदाई की जाए ताकि बारिश के दौरान अधिक जलभराव संभव हो सके। साथ ही सेवन वंडर क्षेत्र की खाली जमीन तक पानी पहुंचाने के लिए उस क्षेत्र को झील के स्तर तक लाने हेतु खुदाई करने के भी निर्देश दिए।
नई सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर विकास प्राधिकरण को शहर में चार नई सड़कों के विकास एवं विस्तार के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित मार्ग इस प्रकार हैं—
-
नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे तक
-
स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे तक
-
पृथ्वीराज नगर से रातीडांग, चौरसियावास होते हुए नौसरघाटी तक
-
रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरूण सागर व खरेकड़ी रोड तक
इसके अतिरिक्त विजयराजे सिंधिया नगर के समीप निर्माणाधीन खेल स्टेडियम कार्य की समीक्षा भी की गई।
रिंग रोड की डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश
देवनानी ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को अजमेर के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। राज्य बजट में इसके लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
नगर निगम कार्यों की समीक्षा
बैठक में नगर निगम के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में हाल ही में शामिल क्षेत्रों में सफाई एवं रोड लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रामसेतु के नीचे पार्किंग जल्द प्रारंभ की जाए।
केसर बाग पुलिया को ऊंचा करने, ब्रह्मपुरी नाले की सफाई एवं गहराई बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले एवं संकरे मार्गों पर डीएमएफटी से स्वीकृत अग्निशमन उपकरण लगाने तथा सड़कों के पेचवर्क कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिन क्षेत्रों में महिला शौचालय प्रस्तावित हैं, वहां कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

















































