लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डूंगरपुर जिले के युवाओं से संवाद
युवा देश का भविष्य, राजस्थान का गौरव
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य और राजस्थान का गौरव हैं। देश-विदेश के विकास में युवा शक्ति की अहम भूमिका है और युवाओं की मेहनत व दृढ़ इच्छाशक्ति से ही विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वागड़ क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राज्य सरकार आदिवासियों के सशक्तीकरण एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शर्मा मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर डूंगरपुर जिले से आए युवाओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से हर वर्ग और हर क्षेत्र को लाभ मिल रहा है तथा वागड़ क्षेत्र में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
निवेश अनुकूल नीतियों से युवाओं को रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश अनुकूल नीतियों के चलते आईटी, उद्योग, स्टार्टअप सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों के युवाओं के सशक्तीकरण पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने वागड़ के युवाओं से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर तकनीक अपनाने और नवाचार करने की अपील की, ताकि वे रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाले भी बन सकें।
नशे से दूर रहने और सोशल मीडिया के सीमित उपयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा परिवार, करियर और जीवन को बर्बाद कर देता है। यदि कोई मित्र नशे की ओर बढ़े तो उसे रोकना चाहिए। उन्होंने नशामुक्ति अभियान को प्रशासन व पुलिस के सहयोग से प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने और भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की सलाह दी।
351 परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से हुईं संपन्न
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। विगत दो वर्षों में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में पांच वर्षों में छह लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक दो लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दो साल के कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ और 351 परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता से आयोजित की गई हैं, जिससे राजस्थान अब पेपरलीक मुक्त राज्य बन गया है।
युवा नीति और स्वरोजगार योजनाओं से मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 18 से 45 वर्ष के लोगों को ब्याज-मुक्त ऋण दिया जा रहा है। इसके साथ ही नई युवा नीति लागू की गई है, जिससे शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। 
उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं, जिसका सीधा लाभ वागड़ क्षेत्र के युवाओं को मिलेगा। क्षेत्र में रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।
बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण पर प्रस्तुतीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का हरिद्वार कहलाने वाला बेणेश्वर धाम एक ऐतिहासिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है। सरकार इसके संरक्षण, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
इस अवसर पर सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा सहित बड़ी संख्या में डूंगरपुर जिले के युवा उपस्थित रहे।
















































