लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
आईएमए हॉल में सोमवार को जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की और चिकित्सकों को पेंडेंसी निस्तारण व सेवा गुणवत्ता सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर संधू ने आयुष्मान आरोग्य योजना, टीकाकरण कार्यक्रम, परिवार कल्याण, टीबी मुक्त भारत अभियान, टोबैको फ्री यूथ कैंपेन, मां वाउचर योजना, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग नियंत्रण, पोषण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों की ब्लॉकवार समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं होगा और सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से धरातल पर लागू किया जाए, ताकि जनता को राज्य सरकार की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
जिला कलेक्टर ने एएनसी चेक-अप में कम प्रगति वाले ब्लॉकों को तत्काल सुधार करने, टीबी मुक्त भारत अभियान में वल्नरेबल पॉपुलेशन कवरेज बढ़ाने, सिलिकोसिस मरीजों की पहचान एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और पूर्व अभियानों की पेंडेंसी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि जो ब्लॉक उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, उनकी प्रगति से प्रेरणा लेकर सभी ब्लॉक अपने प्रदर्शन में वृद्धि करें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश गुर्जर ने जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति प्रस्तुत की और चिकित्सकों को सीएचसी-पीएचसी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट और जनजागरूकता गतिविधियों को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान, पल्स पोलियो, सांस अभियान, निरामया राजस्थान एवं टीकाकरण को और प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया।
सीएमएचओ ने स्वास्थ्य कार्मिकों को गांव-ढाणियों में जाकर जागरूकता बढ़ाने, सेवाओं की पहुंच मजबूत करने और सभी रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड कर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य प्रणाली को प्रदेश में मॉडल के रूप में स्थापित करने के लिए टीम भावना से कार्य करना आवश्यक है।
बैठक में पीएमओ डॉ. अरुण गौड़, डॉ. अभिनव निर्वाण, डॉ. अशोक खटवानी, डॉ. प्रदीप कटारिया सहित सभी बीसीएमओ, सीएचसी/पीएचसी प्रभारी और सीएमएचओ कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

















































