लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ स्थित धानमंडी में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक श्रमिक की ट्रक के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद मंडी क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार मृतक श्रमिक सोनी धानमंडी में खड़े एक ट्रक के आगे बिखरे हुए गेहूं को इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक को उसके सामने मौजूद होने का पता नहीं चला और उसने वाहन स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। ट्रक के चलते ही श्रमिक पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सूरतगढ़ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे लापरवाही के कारण हुआ हादसा माना जा रहा है। वहीं घटना के बाद मंडी में मौजूद श्रमिकों और व्यापारियों में शोक व्याप्त है।

















































