Home latest स्वच्छता का दावा, कठूमर के बाजारों में शौचालय नहीं; खुले में जाने...

स्वच्छता का दावा, कठूमर के बाजारों में शौचालय नहीं; खुले में जाने को मजबूर लोग

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही भारी परेशानी, व्यापारियों ने उठाई मांग

रिपोर्टर संजीव बंसल

कठूमर (अलवर)। कठूमर को नगरपालिका का दर्जा मिलने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि बाजार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, लेकिन हकीकत इससे उलट है। मुख्य बाजारों में आज भी सार्वजनिक शौचालय और मूत्रालय जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों को खुले में जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय रिपोर्टर संजीव बंसल के अनुसार, बाजार में प्रतिदिन हजारों लोग आसपास के गांवों से खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सुविधा के अभाव में उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

आबादी वर्ष 2011 में लगभग 9,480 थी, जो अब 2026 में बढ़कर करीब 18,000 तक पहुंचने का अनुमान है। बावजूद इसके, मुख्य बाजार, बजाजा बाजार, स्वर्णकार बाजार और परचूनी-पंसारी बाजार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कोई भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यह समस्या सबसे अधिक महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कई बार लोग मजबूरी में दुकानों के सामने ही शौच के लिए रुक जाते हैं, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

व्यापारी संतोष खंडेलवाल, सुमित सोनी, संदीप बंसल एवं संजय जैन सहित कई व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की है। वहीं कैलाश चंद कूलवाल, मोती बजाज, गुलाब सोनी, अशोक जैन और रमेश उपाध्याय ने भी समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।

प्रशासन की ओर से श्याम सुंदर चेतीवाल ने कहा है कि क्षेत्र का सर्वे कराया जाएगा और आवश्यकता वाले स्थानों पर शौचालय निर्माण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बाजार क्षेत्र में जगह चिन्हित करने के लिए टीम गठित की जा रही है और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version