लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पांच दिनों तक श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना, गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा बस्ती का माहौल
गौतम शर्मा, राजसमंद। खाखलिया खेड़ा गांव की भील बस्ती में पहली बार गणपति महोत्सव का आयोजन किया गया। बस्ती में पांच दिनों के लिए भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शुक्रवार को विशेष आरती के बाद गाजे-बाजे और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
पांच दिनों तक हुई गणपति की पूजा
समाजसेवी मांगीलाल भील ने बताया कि भील बस्ती में पहली बार गणपति प्रतिमा की पांच दिवसीय स्थापना की गई थी। पांचों दिन श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
विसर्जन से पहले बस्ती में विशेष आरती का आयोजन हुआ। इसके बाद श्रद्धालु गणपति प्रतिमा को लेकर गाजे-बाजे के साथ बनास नदी के निर्धारित स्थल पर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
युवाओं ने संभाली व्यवस्थाएं
गणपति विसर्जन के दौरान बस्ती के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर शम्भुलाल भील, मांगीलाल, देवीलाल, लहरीलाल, कैलाश चंद्र, भंवरलाल, सुरेश चंद्र, दलीचंद सहित बड़ी संख्या में युवा एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
भील बस्ती में पहली बार आयोजित गणपति स्थापना और पांच दिवसीय पूजा-अर्चना के बाद हुए विसर्जन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमंद
