Home latest NEET पेपर लीक ने खोल दी डबल इंजन सरकार की पोल :...

NEET पेपर लीक ने खोल दी डबल इंजन सरकार की पोल : प्रताप सिंह खाचरियावास

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

“युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को बचाना बंद करो”

जयपुर। प्रताप सिंह खाचरियावास ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस मामले ने डबल इंजन सरकार की पोल खोल दी है और देश के युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ है।

खाचरियावास ने कहा कि पूरे देश में जिस तरह NEET परीक्षा को लेकर पेपर लीक के आरोप सामने आए हैं, उससे करोड़ों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठ गया है। उन्होंने कहा कि कभी बयान बदले जा रहे हैं तो कभी गिरफ्तारियों की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन आज तक सरकार देश के सामने सच्चाई स्पष्ट नहीं कर पाई है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पेपर लीक हुआ है तो सरकार खुलकर स्वीकार क्यों नहीं कर रही और यदि नहीं हुआ तो बार-बार बयान बदलने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत का प्रश्न है। लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करते हैं और जब परीक्षा प्रणाली पर ही सवाल खड़े होने लगें तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार कहानी बदलने, दिखावटी कार्रवाई करने और असली दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा जानना चाहता है कि आखिर किसे बचाया जा रहा है और पूरी सच्चाई सामने क्यों नहीं लाई जा रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केंद्र और राज्य दोनों जगह सत्ता में होने के बावजूद शिक्षा व्यवस्था को संभालने में विफल रही है। सरकार न तो पेपर लीक रोक पाई, न युवाओं का भरोसा बचा पाई और न ही अब तक पूरे मामले की सच्चाई सामने ला सकी।

प्रताप सिंह खाचरियावास ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का भरोसा दोबारा कायम हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version