लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की ओर से परिषद का स्थापना दिवस कार्यक्रम शहर की करणी कॉलोनी स्थित करणी माता मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद की महिला उपाध्यक्ष अनुपमा उपाध्याय ने कहा कि हिंदू समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के प्रति जागरूक रहते हुए सामाजिक एकता, समरसता और सेवा की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका माया सांखला ने कहा कि महिलाएं समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मातृशक्ति से संस्कृति, संस्कार और परंपराओं के प्रति जागरूक रहते हुए समाज में एकता, सेवा, शिक्षा एवं संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने युवतियों एवं महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मातृशक्ति से विश्व हिंदू परिषद जैसे सामाजिक संगठन से जुड़कर समाजहित के कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर संतोष शर्मा, लीला दाधीच, खेतु सुथार, सावित्री शर्मा, संतोष सोनी, मंजू, निकिता सहित मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की महिलाएं उपस्थित रहीं।
