लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने रविवार को शारीरिक शिक्षकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को सुना। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय महत्व, राजस्थान के बाड़मेर जिले के रामसर क्षेत्र में श्रीअन्न (मिलेट्स) की भूमिका, पहली बार मतदाता बनने के उत्सव को सामाजिक आंदोलन में बदलने, स्टार्टअप और नवाचार के जरिए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण, और नदियों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरक विचार साझा किए।
कार्यक्रम के बाद सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि “मन की बात” केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि शारीरिक शिक्षक विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के संदेश सीधे जमीनी स्तर तक पहुँचते हैं।
शारीरिक शिक्षकों ने भी प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को प्रेरक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करते हैं। अंत में सभी शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।















































