- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। संसद में आज गलता तीर्थ और सूर्य मंदिर का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा। सांसद मंजू शर्मा ने दोनों ही ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं समग्र विकास की मांग उठाते हुए केंद्र सरकार से विशेष पहल करने का अनुरोध किया।
सांसद शर्मा ने कहा कि गलता जी और सूर्य मंदिर न केवल राजस्थान बल्कि देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। इन स्थलों को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए तो यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ सकती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि गलता तीर्थ और सूर्य मंदिर को “स्वदेश दर्शन योजना” में शामिल किया जाए, ताकि इनके विकास के लिए व्यापक वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके।
सांसद ने इन स्थलों पर रोपवे निर्माण, यातायात को सुगम बनाने, सड़क एवं पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसके साथ ही शर्मा ने वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा लंबित एनओसी को जल्द जारी करवाने का भी आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों में और देरी न हो।
सांसद मंजू शर्मा के इस मुद्दे को उठाने के बाद उम्मीद बढ़ी है कि जल्द ही गलता तीर्थ और सूर्य मंदिर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
- Advertisement -


















































