लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
जीएसटी में राहत पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदान राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा जीएसटी में किए गए ऐतिहासिक बदलावों का स्वागत करते हुए कहा कि मोदी सरकार का यह निर्णय मध्यम वर्ग और आमजन के हित में है।
राठौड़ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस फैसले से आम आदमी को राहत मिलेगी और छोटे व्यवसायों को सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीवन रक्षक दवाइयों, अधिक तापमान वाला दूध, पैक किया हुआ छेना/पनीर और सभी भारतीय ब्रेड, चपाती, पराठा आदि उत्पादों पर जीएसटी हटा दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल बातें करती है और गरीबी हटाने के नारे देने के बावजूद आमजन के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने अशोक गहलोत का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने कभी इस विषय पर ध्यान नहीं दिया, जबकि कांग्रेस सरकार ने वैट दर को 36 प्रतिशत तक बढ़ाया था।
मदान राठौड़ ने बताया कि 2014 में महंगाई दर 9.8 प्रतिशत थी, जो अब 2025 में 2.1 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई पर अंकुश लगाने का ऐतिहासिक कार्य किया है और नई टैक्स स्लैब लागू होने के बाद महंगाई दर 1 प्रतिशत तक पहुँच सकती है।
राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेता सिर्फ अपनी पीठ थपथपा रहे हैं, जबकि मोदी सरकार ने आमजन के मकान, निर्माण सामग्री और उद्योगों में साझेदारी जैसे क्षेत्रों में ठोस राहत प्रदान की है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से जीएसटी स्लैब में राहत की घोषणा की थी और इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी काउंसिल की बैठक में यह ऐतिहासिक फैसला लिया।












































