लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि और संपन्नता की कामना
अजमेर | नितिन मेहरा
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अजमेर के राजगढ़ स्थित मसाणिया भैरव धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख-समृद्धि एवं संपन्नता के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने भैरव धाम के सर्व धर्म शक्ति स्तंभ के 23वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भैरव शब्द ही भय से मुक्ति प्रदान करने वाला है। उन्होंने कहा कि भैरव काल के भी स्वामी हैं, इसी कारण उन्हें काल-भैरव कहा जाता है।
राज्यपाल बागडे ने मसाणिया भैरव धाम के उपासक चम्पालाल जी महाराज का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे उपासक विरले ही होते हैं, जो अपना सर्वस्व सेवा को अर्पित कर ईश्वर की शरण में समर्पित भाव से जीवन व्यतीत करते हैं।
उन्होंने मसाणिया भैरव धाम प्रबंध समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अभावग्रस्त गांवों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और नशा मुक्ति अभियान जैसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और भैरव भक्त उपस्थित रहे।

















































