लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: बृजकिशोर पारीक, जोधपुर
जोधपुर। शहर के न्यू पावर हाउस रोड, सेक्शन–7 स्थित राधा गोविंद मंदिर के सत्संग भवन परिसर में देर रात्रि कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरबाजी कर मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद मंदिर के पुजारी, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात मंदिर परिसर में पत्थर फेंके गए, जिससे दीवारों एवं अन्य हिस्सों को क्षति पहुंची। मंदिर के पुजारी जितेंद्र जी शर्मा ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से उचित सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही अखिल भारत हिन्दू महासभा के जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रकाश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजेश जी सोनी, महिला प्रकोष्ठ की नीतू शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी मंदिर परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
संगठन की ओर से प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में स्थायी पुलिस सुरक्षा एवं नियमित गश्त की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है।
मौके पर मंदिर समिति के सदस्य सांवरमल जी अग्रवाल, दिलीप जी लांबा, महेश चंद्र पुरोहित, सत्येंद्र सिंह शेखावत, नवीन जी बाफना, अमित जी खदाव सहित महिला शक्ति से विजय लक्ष्मी तिवारी, मंजू जी चौधरी, गीता सैनी, इंदिरा जी चौहान, चंद्र जी सांखला एवं कमल किशोरी जी पुरोहित सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। मंदिर समिति एवं क्षेत्रवासियों ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासन से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें।


















































