लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने सभा स्थल कायड़ विश्राम स्थली का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों की बैठक ली और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि यातायात सुचारू रहे और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिनमें लोकार्पण और शिलान्यास शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान एचपीवी वैक्सीन की लॉन्चिंग की जाएगी तथा बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस दौरान केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



















































