प्रदेश स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं मल्लखम्भ प्रदर्शन

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं मल्लखम्भ प्रदर्शन में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत सहित कई गणमान्य अतिथियों ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा रासायनिक कीटनाशकों के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किसानों से रसायन मुक्त अनाज उत्पादन करने की अपील करते हुए कहा कि इससे लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से आज देश अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर बना है और अब गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पंचगव्य, जीवामृत, बीजामृत और मल्चिंग जैसी पारंपरिक पद्धतियां मानव और मिट्टी दोनों की सेहत के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार खेती को लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए बैलों द्वारा पारंपरिक खेती करने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए जल और ऊर्जा उपलब्धता बढ़ाने के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेश के किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि रासायनिक खेती के कारण मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन खतरनाक रूप से कम हो गया है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरकता बढ़ती है और उत्पादन में कमी नहीं बल्कि वृद्धि होती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे स्वयं प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने और पोषणयुक्त खाद्यान्न उत्पादन करने का आग्रह किया।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, मंत्री परिषद के सदस्य, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रदर्शनी एवं लघु नाटिका का भी मंचन किया गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here