लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर) | ओमप्रकाश चौधरी
अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र के नागेलाव गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अपनी ही विधवा मां के लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाला कोई बाहरी चोर नहीं, बल्कि उसका सगा बेटा निकला। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं।
जिला पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) दीपेंद्र सैनी ने बताया कि 9 जून को नागेलाव निवासी राजू गुर्जर ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी मां मनभर देवी के सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख 21 हजार रुपये नकद अलमारी से चोरी हो गए हैं। शिकायत में कुल 17.21 लाख रुपये की चोरी होना बताया गया था।
मामले की जांच हैड कांस्टेबल महेश कुमार मीणा को सौंपी गई। थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात शिकायतकर्ता के छोटे भाई सेठाराम उर्फ सेठु ने ही अंजाम दी थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के सभी जेवरात बरामद कर लिए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त कटर भी जब्त किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि 2 लाख 21 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात गलत थी। आरोपी ने केवल जेवरात चुराए थे और अलमारी को पीछे से मशीन से काटकर चोरी को बाहरी लोगों की करतूत दिखाने की कोशिश की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी सेठाराम को रील बनाने और शौक-मौज की लत थी। इसी कारण उसने अपनी मां के जेवरात चुराने जैसी वारदात को अंजाम दिया। घटना के खुलासे के बाद गांव में लोगों में नाराजगी है और लोग इसे रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना बता रहे हैं।
कार्रवाई में एएसआई फूलसिंह गुर्जर, हैड कांस्टेबल महेश कुमार मीणा, कांस्टेबल सुखराम सेवदा, जगदीश मीणा और दिनेश चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
















































