लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सेन समाज का भव्य नेजा मियाला धाम रवाना
आंजना महादेव में एक माह से चल रहे राम रसोड़े का हुआ समापन, श्रद्धालुओं ने आरती के बाद नाचते-गाते चढ़ाया पवित्र नेजा
रिपोर्ट: सत्यनारायण सेन, गुरला
भीलवाड़ा/रायपुर। भादवी बीज के महापर्व पर भीलवाड़ा जिले के पालरा क्षेत्र में बाबा रामदेव जी के प्रति श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सेन समाज पालरा की ओर से बाबा रामदेव जी का भव्य निशान (नेजा) मियाला धाम के लिए रवाना किया गया। नेजा यात्रा में समाज के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
आंजना महादेव में एक माह से चल रहा राम रसोड़ा संपन्न
बाबा रामदेव जी की यात्रा के दौरान आंजना महादेव (देवगढ़) में पिछले एक माह से पैदल यात्रियों की सेवा के लिए संचालित विशाल राम रसोड़े का भी समापन हुआ। राम रसोड़े का आयोजन नारायण लाल सेन, पालरा (रायपुर) की ओर से किया गया था।
एक माह तक चले इस राम रसोड़े में मियाला धाम की ओर जाने वाले हजारों पैदल यात्रियों के लिए भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं और यात्रियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार जताया।
आरती के बाद नाचते-गाते रवाना हुए श्रद्धालु
राम रसोड़े के समापन अवसर पर बाबा रामदेव जी के पवित्र निशान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद डीजे की भक्तिमय धुनों पर महिला और पुरुष श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। बाबा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ नेजा यात्रा को आगे बढ़ाया।
श्रद्धालु मियाला धाम पहुंचे और बाबा रामदेव जी के दरबार में विधि-विधान के साथ पवित्र नेजा चढ़ाया। इस दौरान पूरे रास्ते बाबा के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
वाहनों के काफिले के साथ निकली नेजा यात्रा
सेन समाज की ओर से आयोजित नेजा यात्रा को भव्य रूप दिया गया। विभिन्न वाहनों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। हाथों में बाबा रामदेव जी का पवित्र नेजा थामे श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
भादवी बीज के अवसर पर निकली इस धार्मिक यात्रा ने पालरा से लेकर मियाला धाम तक श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना दिया। समाज के लोगों ने बाबा रामदेव जी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

















































