लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर। सेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत विजय अस्पताल के पीछे रविवार को आयोजित एक प्रार्थना सभा विवाद का कारण बन गई। आरोप है कि इस सभा की आड़ में धर्मांतरण कराया जा रहा था। जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मुख्य आयोजक वहां से फरार हो गए। हालांकि कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक शुभम सैंतरा ने आरोप लगाया कि यहां करीब 150 लोगों—महिला, पुरुष और बच्चों—की मौजूदगी में प्रार्थना सभा चल रही थी। उनका कहना है कि ईसाई समुदाय लगातार ऐसे कार्यक्रमों के जरिए धर्मांतरण करा रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, प्रार्थना सभा में शामिल नितिन नामक युवक ने दावा किया कि वे अपनी इच्छा से यहां प्रार्थना में शामिल होते हैं और उन पर किसी तरह का दबाव नहीं है। उनका कहना था कि दुख-दर्द दूर करने के लिए यहां आराधना और प्रार्थना कराई जाती है।
इसी तरह आनंद नगर निवासी एक महिला ने भी कहा कि प्रार्थना से उनके सभी दुख दूर हो जाते हैं, इसलिए वे यहां नियमित रूप से आती हैं।
सेवर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच जारी है।


















































